केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा की बैटरी को हैक करने वाले ऐप्स को हटाने का आदेश दिया

E-rickshaw : सरकार ने BAT-BMS, लॉसिगी, इपोक-आई-आयन एप को हटाने का आदेश जारी कर दिया है. इन एप के जरिए देशभर में ई-रिक्शा के परिचालन को रोका जा रहा था.

By Rajneesh Anand | July 3, 2026 5:42 PM

E-rickshaw : केंद्र सरकार ने बैटरी से चलने वाली गाड़ियों को रिमोटली डिसेबल करने में गलत इस्तेमाल हो रहे BAT-BMS, लॉसिगी, इपोक-आई-आयन एप को हटाने का आदेश दिया. यह जानकारी पीटीआई न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से दी है.

सरकार की यह कार्रवाई कुछ वीडियो सामने आने के बाद हुई, जिनमें दिखाया गया था कि चीनी स्मार्टफोन ऐप बैट-बीएमएस के रिमोट शटडाउन फीचर के जरिये ई-रिक्शा को दूर से बंद किया जा सकता है.वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट से जुड़ी वाहन प्रबंधन प्रणालियों की साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता पैदा हो गई.सूत्रों ने बताया कि सरकार ने बैटरी चालित वाहनों को दूर से बंद करने के लिए इस्तेमाल हो रहे बैट-बीएमएस, लॉसिजी और एपॉक-आई-आयन ऐप हटाने का आदेश दिया है.

ऐप स्टोर को सावधानी बरतनी चाहिए : सचिव

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस कृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि ऐप स्टोर को नुकसान पहुंचाने वाले एप्लिकेशन को यूजर्स तक पहुंचने से रोकने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए. ई-रिक्शा से जुड़े फ्रॉड से कथित तौर पर जुड़े ऐप्स पर एक सवाल का जवाब देते हुए कृष्णन ने कहा कि कल हमारे ध्यान में कुछ ऐप्स आए. उन दोनों को ऐप स्टोर से हटा दिया गया है. यह टिप्पणी डिजिटल एप्लिकेशन के गलत इस्तेमाल से कनेक्टेड डिवाइस में दखल देने और साइबर फ्रॉड को बढ़ावा देने पर बढ़ती चिंताओं के बीच आई है. उन्होंने कहा कि हम ऐप स्टोर के साथ इस पर बात करेंगे ताकि यह देखा जा सके कि संभावित रूप से नुकसान पहुंचाने वाले ऐप न आएं

ई-रिक्शा के काम को किया जा रहा था बाधित

पिछले कुछ दिनों से ऐसी शिकायतें सामने आ रही थीं जिसमें यह बताया जा रहा था कि ई-रिक्शा ड्राइवरों को अचानक रिक्शा बंद हो जाने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. कुछ ऐप का गलत इस्तेमाल ई-रिक्शा के काम में प्रैंक करने या दखल देने के लिए किया जा रहा था, जिससे अचानक दिक्कतें हो रही थीं. इसकी वजह से ड्राइवरों और यात्रियों के लिए सुरक्षा की चिंताएं पैदा हुईं.

ये भी पढ़ें : बेंगलुरु : IT कंपनी के डेकेयर में बच्चों से दुर्व्यवहार, रोने पर बच्चों को वाशिंग मशीन और बाथरूम में किया जाता था बंद