दिल्ली में होगी बारिश, येलो अलर्ट जारी

Delhi Weather : दिल्ली में 28 मार्च को मिनिमम टेंपरेचर 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. जानें 29 मार्च को कैसा रहने वाला है मौसम का हाल.

By Amitabh Kumar | March 28, 2026 1:50 PM

Delhi Weather : दिल्ली में मिनिमम टेंपरेचर 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो नॉर्मल से 0.7 डिग्री ज्यादा है, लेकिन पिछले दिन (27 मार्च) के मुकाबले 1.8 डिग्री कम है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सुबह 9 बजे तक बारिश नहीं हुई, लेकिन पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं.

मौसम विभाग ने रविवार (29 मार्च) के लिए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान जताया है. यहां येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अधिकारियों के मुताबिक मार्च में जो ये अजीब सा मौसम देखने को मिल रहा है, उसका कारण पश्चिमी विक्षोभ है. यह उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को लगातार प्रभावित कर रहा है.

पश्चिमी विक्षोभ के बारे में जान लें

दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ एक तरह का मौसम का सिस्टम होता है. यह पश्चिम की तरफ से भारत में आता है और आते ही मौसम बदल देता है. कभी बारिश, कभी ठंड या बर्फबारी करा देता है.

न्यूनतम तापमान में हो सकती है वृद्धि

आईएमडी (IMD) के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मैक्सिमम टेंपरेचर 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. आसमान में बादल छाए रहने की वजह से रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है. रविवार को न्यूनतम तापमान करीब 20 से 22 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जिससे मौसम हल्का गर्म रह सकता है.

दिल्ली का AQI 147

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का AQI 147 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. वहीं शुक्रवार शाम 4 बजे तक पिछले 24 घंटे का औसत AQI 144 था. यानी हवा की गुणवत्ता ठीक-ठाक है, लेकिन पूरी तरह साफ नहीं कही जा सकती.

यह भी पढ़ें : एमपी और छत्तीसगढ़ का मौसम बिगड़ेगा, जानें किन राज्यों में होगी बारिश

CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के AQI मापने का तरीका

AQI रेंज (Air Quality Index)श्रेणी (Category)
0 – 50अच्छा (Good)
51 – 100संतोषजनक (Satisfactory)
101 – 200मध्यम (Moderate)
201 – 300खराब (Poor)
301 – 400अत्यंत खराब (Very Poor)
401 – 500गंभीर (Severe)