Delhi Weather: दिल्ली में बारिश का अलर्ट, जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

Delhi Weather : दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज (20 जून) दिन में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. जानें अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल.

By Amitabh Kumar | June 20, 2026 12:45 PM

Delhi Weather : मौसम विभाग के मुताबिक रविवार (21 जून) को भी ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है. रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है. इस दौरान हल्की से बहुत हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. कुछ समय के लिए तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है.

मौसम रिपोर्ट के अनुसार 22 जून को अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री और न्यूनतम 30-32 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी दिशा से 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. इसी तरह 23 जून को अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री और न्यूनतम 30-32 डिग्री रहने की संभावना है, इस दिन पश्चिमी हवा की गति 20–25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है.

दिल्ली का तापमान कितना किया गया रिकॉर्ड

शनिवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.7 डिग्री अधिक है. अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. पालम में यह 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 2.1 डिग्री अधिक है. वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और आयानगर में 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें क्रमशः 1.5 डिग्री और 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई.

यह भी पढ़ें : मौसम: झारखंड और बिहार में कब से आगे बढ़ेगा मॉनसून? IMD ने बारिश का अलर्ट जारी किया

हल्की बारिश होने की संभावना है दिल्ली में

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं.