दिल्ली में आंधी, गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना, ऑरेज अलर्ट जारी

Delhi Rain: मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कई जगहों पर आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है. इसको लेकर आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

By ArbindKumar Mishra | May 28, 2026 6:38 PM

Delhi Rain: मौसम विभाग के अनुसार शहर में हल्की से मध्यम बारिश होने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति अख्तियार कर सकती हैं. ‘स्काईमेट’ के महेश पलावत ने कहा, राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में पहले ही गरज के साथ बारिश शुरू हो चुकी है और शाम तक दिल्ली में भी यह सिलसिला शुरू होने तथा पूरी रात जारी रहने का अनुमान है.

शुक्रवार को तेज आंधी-बारिश की संभावना

स्काईमेट के अनुसार, शुक्रवार को आंधी-बारिश की तीव्रता और बढ़ने के आसार हैं. साथ ही यह दौर 30 मई तक जारी रह सकता है. 30-31 मई को इस मौसम प्रणाली के गुजरात की तरफ बढ़ने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव

मौसम संबंधी ये गतिविधियां पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न चक्रवाती परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का नतीजा हैं, जिससे शहर में आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है.