दिल्ली में पांच मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Delhi Five Storey Building Collapsed: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम को पांच मंजिला एक इमारत गिरने से कई लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है.
Delhi Five Storey Building Collapsed: अधिकारियों के अनुसार, पूरी बहुमंजिला इमारत ढह गई और मलबे के विशाल ढेर में तब्दील हो गई. पुलिस के अनुसार, इमारत के भूतल पर एक कोचिंग संस्थान था और ऊपरी मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था. आशंका है कि फंसे हुए लोग छात्र हो सकते हैं.
हादसे के बाद अफरा-तफरी का मंजर
संकरी गली और घनी आबादी वाले इलाके में अफरा-तफरी का मंजर देखने को मिला. स्थानीय निवासी बचाव वाहनों और कर्मियों के लिए रास्ता खाली करने की कोशिश कर रहे थे. कई लोगों ने खोजबीन में मदद के लिए मोबाइल फोन की लाइट का इस्तेमाल किया. आस-पास की इमारतों को तत्काल कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. अधिकारियों ने अभी तक फंसे हुए लोगों की संख्या की पुष्टि नहीं की है.
राहत-बचाव कार्य जारी
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को शाम 7.44 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली. यह घटना सैदुलाजाब में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास वेस्टर्न मार्ग पर हुई. राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. घटनास्थल कंक्रीट, मुड़ी हुई धातु और टूटे हुए खंभों के ढेर में तब्दील हो चुकी है, और मलबा पूरे क्षेत्र में बिखरा हुआ था. दमकल कर्मियों और पुलिस टीमों द्वारा खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.
