कॉकरोच जनता पार्टी का अल्टीमेटम, 13 जून तक इस्तीफा दें धर्मेंद्र प्रधान, देश भर में आंदोलन की चेतावनी

CJP Protest: परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है. संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर देशभर में विरोध-प्रदर्शन और बड़े स्तर पर छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा.

By Pritish Sahay | June 10, 2026 10:13 PM

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग एक बार फिर उठाई है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में बार-बार सामने आई गड़बड़ी ने देश भर के लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है. उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर अब युवा चुप नहीं बैठेंगे.

शनिवार (13 जून) तक दिया अल्टीमेटम

अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेआई ने धर्मेंद्र प्रधान को शनिवार (13 जून) तक इस्तीफा देने का समय दिया है. यदि ऐसा नहीं होता है तो देशभर में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत पुणे से होगी, जहां 11 जून को शाम चार बजे शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. दीपके ने बताया कि पुणे के बाद लखनऊ, अमृतसर, जयपुर और बेंगलुरु सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए चलाया जाएगा.

20 जून को दिल्ली कूच की तैयारी

दीपके ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा मंत्री पद पर बने रहते हैं तो 20 जून को देशभर से छात्र और युवा दिल्ली पहुंचेंगे. दीपके ने कहा कि वह स्वयं इस प्रदर्शन में शामिल होंगे और युवाओं से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की अपील करेंगे. उनका दावा है कि छात्र तब तक आंदोलन जारी रखेंगे, जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती.

बोले दीपके- एक करोड़ से ज्यादा छात्र हुए प्रभावित

अभिजीत दीपके ने दावा किया कि अगल-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के कारण एक करोड़ से अधिक छात्र परेशान हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस स्थिति के लिए कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है. उनके अनुसार, कई छात्र मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं और कुछ मामलों में आत्महत्या की घटनाएं भी सामने आई हैं.

अभिजीत ने किया जंतर-मंतर प्रदर्शन का जिक्र

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जहां शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई थी. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इतने बड़े मुद्दे पर जवाबदेही तय होना जरूरी है.