रील बनाने के बहाने महिला को बुलाया, किया दुष्कर्म, महिला पहुंची थाने

एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. महिला ने आरोप लगाया कि उसे रील बनाने के बहाने सेे बुलाया गया और उसके साथ गलत हरकत की गई. जानें पुलिस ने मामले को लेकर क्या कहा.

By Amitabh Kumar | June 23, 2026 11:41 AM

एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने एक व्यक्ति पर वीडियो शूट कराने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 36 वर्षीय महिला (जो बुराड़ी की रहने वाली है) आरोपी के संपर्क में एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आई थी.

पीड़िता का आरोप है कि सितंबर में आरोपी ने उसे सोशल मीडिया रील बनाने के बहाने बुराड़ी के एक होटल में बुलाया. वहां उसने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और बार-बार उसका यौन शोषण करता रहा. बाद में महिला को पता चला कि आरोपी ने शुरुआत में अपना जो नाम बताया था, वह असली नहीं था. यह जानकारी मिलने के बाद उसने उससे सारे संबंध खत्म कर लिये.

आरोपी के रिश्तेदार ने धमकियां दीं

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी से दूरी बना ली, तो उसके बहनोई और एक अन्य रिश्तेदार ने उससे संपर्क किया और धमकियां दीं. पीड़िता की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाने में 10 जून को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की गहन पड़ताल की जा रही है.

शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस सबूत जुटाने और आरोपों की सत्यता की जांच में जुटी हुई है. यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में गोपनीयता बनाए रखने के लिए पीड़िता की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.