Bullet Train Opening Date: इस तारीख से पटरियों पर दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, सामने आई फाइनल डेट

Bullet Train Opening Date: देश में बहुत जल्द बुलेट ट्रेन पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी. लॉन्चिंग की संभावित तारीख की घोषणा भी हो चुकी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को बताया कि साल 2027 में देश की पहली बुलेट ट्रेन पटरियों पर दौड़ने लगेगी.

By ArbindKumar Mishra | January 1, 2026 4:11 PM

 Bullet Train Opening Date: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जब बुलेट ट्रेन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बताया, बुलेट ट्रेन 15 अगस्त, 2027 को तैयार हो जाएगी. उन्होंने ये भी बताया कि सबसे पहले सूरत से बिलिमोरा तक का सेक्शन खुलेगा.  उसके बाद वापी से सूरत तक खुलेगा. फिर वापी से अहमदाबाद तक खुलेगा, और उसके बाद ठाणे से अहमदाबाद तक खुलेगा, और फिर मुंबई से अहमदाबाद तक खुलेगा.

2 घंटे में 508 किलोमीटर की यात्रा

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई से अहमदाबाद के बीच शुरू होगी. जिसकी कुल लंबाई 508 किलोमीटर है. बुलेट ट्रेन के शुरू होने से इस दूरी को केवल 2 घंटे और करीब 17 मिनट में पूरी की जा सकेगी. ट्रेन करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी.

2029 तक परियोजना के पूरा होने की संभावना

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के 2029 तक पूरा होने की संभावना है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी उम्मीद जताई है कि तय समय के अनुसार परियोजना पूरी हो जाएगी. गुजरात में बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम जारी है, जबकि महाराष्ट्र में काम थोड़ी स्लो है.

बीएमसी ने बीकेसी में बुलेट ट्रेन परियोजना का काम रुकवाया

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने वायु प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन नहीं किए जाने के कारण मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना से जुड़ी निर्माण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए हैं.अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान धूल नियंत्रण और वायु गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े कई उल्लंघन सामने आने के बाद, नागरिक निकाय ने बुधवार को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित परियोजना स्थल पर ठेकेदारों को काम रोकने का नोटिस जारी किया.