Assam Train Accident: असम में बड़ा ट्रेन हादसा, राजधानी एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे
Assam Train Accident: असम में बड़ा रेल हादसा हुआ है. राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकराई, इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए.
Assam Train Accident: असम में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है. ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन करीब 8 हाथियों के झुंड से टकराई, जिनमें से कई हाथियों की मौत हो गई. यह घटना ऐसे इलाके में हुई, जिसे हाथियों का आधिकारिक गलियारा नहीं माना जाता. बताया जा रहा है कि लोको पायलट ने हाथियों को ट्रैक पर देखकर आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर टल नहीं सकी.
कहां हुआ हादसा
यह हादसा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुआ. दुर्घटनास्थल गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर है. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और रेस्क्यू ट्रेन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. पटरी से डिब्बे उतरने और ट्रैक पर अवरोध के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं. कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है. रेलवे की तकनीकी टीमें मौके पर ट्रैक की मरम्मत का काम कर रही हैं.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों के यात्रियों को अस्थायी रूप से ट्रेन के अन्य डिब्बों में उपलब्ध किया गया है. प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी के लिए रवाना कर दिया गया है. गुवाहाटी पहुंचने पर अतिरिक्त डिब्बे जोड़कर ट्रेन अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू करेगी.
