जब ट्रैक पर बैठ गया नशे में धुत व्यक्ति, रोकनी पड़ी ट्रेन, RPF ने किया अरेस्ट

Amrit Bharat Train: रंगापानी–नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस को रविवार को उस समय अचानक रोक देना पड़ा जब पटरी पर नशे में धुत एक शख्स बैठ गया. बार-बार हॉर्न बजाए जाने के बावजूद वो ट्रैक से नहीं हटा. ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कहा कि लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को रोक दिया. आरपीएफ ने शख्स को हिरासत में ले लिया है.

By Pritish Sahay | January 18, 2026 6:09 PM

Amrit Bharat Train: भुवनेश्वर में रविवार के दिन रंगापानी–नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक व्यक्ति के कारण ट्रेन को कुछ देर रोकना पड़ा. यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन में प्रवेश कर रही थी. इसी समय एक व्यक्ति अचानक रेलवे ट्रैक पर बैठ गया. लोको पायलट ने शख्स को हटाने के लिए कई बार ट्रेन की हॉर्न बजाई, लेकिन नशे में धुत शख्स टस से मस नहीं हुआ, वो पटरी पर बैठा रहा.

लोको पायलट ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लक्ष्मी सागर इलाके के निवासी पी अप्पन्ना राव लोको पायलट की ओर से बार-बार हॉर्न बजाए जाने के बावजूद ट्रैक से नहीं हटा. ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECR) ने बताया तब खतरे को भांपते हुए लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाकर उसे ट्रैक से हटने की चेतावनी दी, लेकिन व्यक्ति पर इसका कोई असर नहीं हुआ. हालात की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया.

RPF ने नशे में धुत व्यक्ति को किया अरेस्ट

ट्रेन रुकने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान और ट्रेन के साथ चल रहे रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया. एक अधिकारी ने बताया कि वह शराब के नशे में पाया गया और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.