नयी दिल्ली : दक्षिणपूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में दो स्कूलों के निकट रासायनिक रिसाव की वजह से विषैला धुआं निकलने के बाद 460 छात्राओं को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. रानी झांसी स्कूल और गर्वनमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत के बाद निकटतम अस्पताल में ले जाया गया. दिल्ली सरकार ने इस घटना के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस ने इस संबंध में भारतीय दंड संहिता आईपीसी और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार के अस्पतालों को पीडितों की मदद करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. एम्स के डॉक्टरों के एक दल को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है. बत्रा अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया है कि पीडितों की स्थिति स्थिर है. यहां 10-14 साल उम्र के 55 बच्चों को भर्ती कराया गया है.
