शशिकला को मिला ”हैट” चुनाव निशान, ‘बिजली का खंभा’ लेकर मैदान में नजर आयेंगे पन्नीरसेल्वम

नयी दिल्ली : चुनाव आयोग ने आज शशिकला और पन्नीरसेल्वम को नये चुनाव निशान दे दिये हैं. आयोग ने शशिकला खेमे को चुनाव निशान ‘ऑटो रिक्शा’ जबकि पन्नीरसेल्वम खेमे को ‘बिजली का खंभा’ दिया, लेकिन बाद में शशिकला खेमे ने चुनावी निशान के तौर पर ‘हैट’ की मांग की, जिसे चुनाव आयोग ने स्वीकार कर […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | March 23, 2017 11:58 AM

नयी दिल्ली : चुनाव आयोग ने आज शशिकला और पन्नीरसेल्वम को नये चुनाव निशान दे दिये हैं. आयोग ने शशिकला खेमे को चुनाव निशान ‘ऑटो रिक्शा’ जबकि पन्नीरसेल्वम खेमे को ‘बिजली का खंभा’ दिया, लेकिन बाद में शशिकला खेमे ने चुनावी निशान के तौर पर ‘हैट’ की मांग की, जिसे चुनाव आयोग ने स्वीकार कर लिया. पन्नीरसेल्वम खेमे ने अपनी पार्टी का नाम एआईएडीएमके पुराट्ची थलैवी अम्मा रखा है वहीं शशिकला कैंप ने अपनी पार्टी का नाम एआइएडीएमके अम्मा रखा है.

यहां उल्लेख कर दें कि वीके शशिकला खेमे ने चुनाव आयोग को अपने नये निशान के लिए तीन विकल्प दिए थे, जिनमें ऑटो रिक्शा, बैट और ‘हैट’ शामिल था.

गौर हो कि चुनाव आयोग ने बुधवार को तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक का चुनाव चिन्ह फ्रीज कर दिया था. पार्टी के दो गुट (शशिकला और पन्नीरसेल्वम) इस चिन्ह पर दावा जता रहे थे. अब उन्हें नये चिन्ह पर आरके नगर असेंबली सीट से उप चुनाव लड़ना होगा.

चुनाव आयोग ने बीती रात एक अंतरिम आदेश में अन्नाद्रमुक के चुनाव चिन्ह ‘दो पत्तियों’ के उपयोग पर यह कहते हुए रोक लगा दी कि दोनों विरोधी खेमे प्रतिष्ठित आर के नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पार्टी के चुनाव चिन्ह और इसके नाम के उपयोग नहीं कर सकते हैं.

इस सीट पर 12 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का गुरुवार को आखिरी दिन है.