नयी दिल्ली : मजदूरों को उनका वेतन चैक से या उनके बैंक खातों में धन अंतरित करके देने के प्रावधान वाले मजदूरी भुगतान संशोधन विधेयक 2017 को आज लोकसभा ने मंजूरी दे दी.
श्रम मंत्री बंडारु दत्तात्रेय ने विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि सभी दलों ने मजदूरों के हित वाले इस विधेयक का समर्थन किया है और ‘‘मुझे विश्वास है कि इस विधेयक के पारित होने से मजदूरों, उनके श्रम का सम्मान होगा.” उन्होंने कहा कि ‘‘डॉ भीमराब अंबेडकर और दत्तोपंत ठेंगडी जैसे मजदूर क्षेत्र में काम करने वालो लोगों को इस विधेयक के पारित होने से सच्ची श्रद्धांजलि होगी.” उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरी के भुगतान में पारदर्शिता लाने और श्रमिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए यह विधेयक लेकर आयी है. इससे नियोक्ताओं द्वारा श्रमिकों का उत्पीड़न भी रुकेगा.
