अहमदाबाद : वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि कालाधन के खिलाफ नरेंद्र मोदी सरकार की दो साल की ‘सक्रियता’ से विदेशों में भारतीयों द्वारा रखी गयी अवैध धन-संपत्ति में उल्लेखनीय कमी आयी है.
उन्होंने यह भी कहा कि जी-20 देशों द्वारा शुरु की गयी कार्रवाई के साथ साथ नई प्रौद्योगिकी लागू करने से भी लोगों के लिए देश विदेश में कालाधन छुपाना मुश्किल होगा.जेटली ने कहा, ‘‘आज उन लोगों में घबडाहट है जो देश के बाहर संपत्ति रखे हुए हैं. अगर आप 1947 से 2014 को देखें तो उस दौरान जो भी कदम उठाये गये, वह पिछले दो साल में इस सरकार द्वारा उठाये गये कदमों के मुकाबले नगण्य लगते हैं.’ वह यहां सरकार की आय खुलासा योजना (आईडीएस) के बारे में लोगों को संवेदनशील बनाने के लिये आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसके तहत कर चोरी करने वालों को अघोषित आय का खुलासा करने के लिये समय दिया गया है. वे 30 सितंबर तक 45 प्रतिशत का भुगतान कर पाक साफ हो सकते हैं.
