रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर जिले की पुलिस ने नक्सलियों को विस्फोटक पहुंचाने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर लिया तथा इनसे 1750 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया है. बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि बस्तर जिले की पुलिस ने माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाने वाले गिरोह के सात सदस्यों कमलाकान्त स्वाई, गौरी शंकर मोहंती, अनिल कुमार जेना, भूषण कुमार गोण्डा, राजेन्द्र, उत्तम स्वाई और सुजीत पाणी को गिरफ्तार कर लिया है. सभी उडीसा निवासी हैं.
यादव ने बताया कि पुलिस ने इनसे 30 पेटी जिलेटीन जिसका कुल वजन 750 किलोग्राम और 20 बोरी में 1000 किलोग्राम अमोनियम नाईट्रेट बरामद किया है. दोनों की कीमत तीन लाख 20 हजार रुपए है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले लम्बे समय से माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाने वाले एक शहरी नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल रही थी.
