नयी दिल्ली : साल 1965 में पाकिस्तान के हमले को नाकाम कर देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के नेतृत्व और कश्मीरियों की प्रशंसा करते हुए उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने आज कहा कि यह युद्ध पडोसी देश के लिए महंगी सैन्य और राजनीतिक विपदा साबित हुआ.
1965 के भारत-पाक युद्ध के 50 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित स्मृति कार्यक्रम हमारे जवानों के बलिदान और बहादुरी के प्रति उचित श्रद्धांजलि है. उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित तीनों सेनाओं के सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि जिन घटनाक्रमों की वजह से युद्ध हुआ वे पाकिस्तान के मूल में बसी उसकी जिद और भ्रमपूर्ण धारणा को रेखांकित करते हैं कि वह उपमहाद्वीप के भूगोल और राजनीतिक वास्तविकताओं को बदलने के लिए बल का इस्तेमाल कर सकता है.
