अहमदाबाद : गुजरात उच्च न्यायालय से सीआईडी जांच के आदेश जारी होने के बाद दो निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक समेत नौ पुलिसकर्मियों पर पटेल आरक्षण आंदोलन के दौरान 32 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित रूप से हिरासत में मौत को लेकर मामला दर्ज किया गया है. ओबीसी आरक्षण के तहत पटेलों को आरक्षण देने की मांग के समर्थन में उनके आंदोलन की अगुवाई कर रहे हार्दिक पटेल ने आज कहा कि वह कथित रूप से हिरासत में मर गए श्वेतांग पटेल के अंतिम संस्कार में कल शामिल हो सकते हैं और चेतावनी दी कि यदि कुछ हुआ तो सरकार जिम्मेदार होगी.
सहायक पुलिस आयुक्त केडी पांड्या ने कहा कि बापूनगर के पुलिस निरीक्षक पी डी परमार और आरआर वसावा उन नौ पुलिसकर्मियों में शामिल हैं, जिन पर श्वेतांग पटेल की मृत्यु के सिलसिले में मामला दर्ज किया गया है. पांड्या ने कहा, हमने श्वेतांग मौत के मामले में कल देर रात बापूनगर के दो पुलिस निरीक्षकों, एक डी स्टाफ पीएसआई और डी स्टाफ के छह अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. हालांकि श्वेतांग के परिवार के वकील बीएम मांगुकिया ने दावा किया कि प्राथमिकी में हिरासत में कथित रूप से मौत के लिए जिम्मेदार सभी पुलिस अधिकारियों के नाम नहीं हैं.
