मुंबई/कोलकाता :2012 में हुई शीना बोरा हत्या मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मुंबई पुलिस के हवाले से खबर आ रही है कि इस मर्डर केस में शामिल तीनों आरोपी, इंद्राणी मुखर्जी, ड्राइवर श्याम राय और पूर्व पति संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आईएनएक्स की पूर्व सीइओ इंद्राणी मुखर्जी को कल रात खार पुलिस ने गिरफ्तार किया था और बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 31 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. डीसीपी (हिरासत) धनंजय कुलकर्णी ने आज यह जानकारी दी. ड्राइवर को पुलिस ने पहले ही अपने हिरासत में ले लिया था और इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना को आज मुंबई पुलिस ने कोलकाता में जाकर गिरफ्तार किया. संजीव अपने दोस्त के घर पर छुपा हुआ था. कल कोलकाता के अलीपुर कोर्ट में संजीव खन्ना को पेश किया जाएगा.
मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने कहा, शीना बोरा हत्या मामले में सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि इंद्राणी के ड्राइवर को आर्म एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है. ड्राइवर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया, शीना की हत्या 24 अप्रैल को की गयी थी और 23 मई को उसका शव बरामद किया गया. उन्होंने बताया ड्राइवर पुलिस के सामने सब कुछ साफ बता दिया है कि शीना का मर्डर कैसे किया गया था.
* इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति को कोलकाता से किया गया गिरफ्तार
इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति संजीव खन्ना को उसकी बेटी शीना बोरा की 2012 में हुई हत्या में उसकी कथित संलिप्तता को लेकर आज मुंबई और कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया. कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लब कांति घोष ने यहां बताया कि हस्टिंग्स रोड इलाके के निवासी खन्ना को शीना बोरा की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर आज अपराह्न अलीपुर उसके दोस्त के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया.
घोष ने कहा, मुंबई पुलिस ने खन्ना की गिरफ्तारी के लिए हमसे संपर्क किया और हमसे मदद मांगी. खन्ना का शुरु में पता नहीं चल पाया था. वह अलीपुर के पेन रोड पर अपने दोस्त के फ्लैट पर मिला और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. कोलकाता पुलिस के अधिकारियों के अनुसार मुम्बई पुलिस की टीम ने खन्ना से करीब दो घंटे पूछताछ की और जवाब में विसंगति मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया.
घोष के मुताबिक खन्ना को ट्रांजिट रिमांड के लिए कल अलीपुर की अदालत में पेश किया जाएगा. उन्होंने कहा, मुंबई पुलिस उसे आज ही मुम्बई ले जाना चाहती थी लेकिन हमने इस बात पर बल दिया कि वे उसे स्थानीय अदालत में पेश करें और ट्रांजिट रिमांड मांगें मुंबई पुलिस ने कल स्टार इंडिया टीवी चैनल के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी मुखर्जी और उसके ड्राइवर को शीना की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था.
