नयी दिल्ली: मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को बुधवार को यहां मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी. लिट) प्रदान किया.
पूर्व प्रधानमंत्री को राजनीति, शिक्षा, साहित्य और समाजिक क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया. उन्हें हाल में देश का शीर्ष नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया था.
विश्वविद्यालय ने अगस्त 2014 में वाजपेयी को सम्मान से नवाजने का फैसला किया था. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय के कुलपति तारिक जफर, रजिस्ट्रार बी बी भारती और कई अन्य मंत्रियों के साथ आज यहां उनके आवास पर उन्हें औपचारिक रुप से इस सम्मान से नवाजा.
पूर्व प्रधानमंत्री को सम्मान प्रदान करने के बाद चौहान ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को मानद डी लिट डिग्री देकर विश्वविद्यालय सम्मानित महसूस कर रहा है. चौहान ने कहा, ‘‘वह देश के रत्न हैं. अटलजी खुश हुए और उन्होंने सम्मान ग्रहण किया.’’
