नयी दिल्ली : वाहन पार्किंग के मुद्दे को लेकर दो ब्लाकों के निवासियों के बीच एक दिन पहले हुए मामूली संघर्ष के बाद पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में स्थिति ‘नियंत्रण’ में है लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है. बडी संख्या में पुलिसकर्मियों को दंगा रोधी उपकरणों से लैस कर तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है जहां पिछले वर्ष अक्तूबर में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था.
पुलिस ने बताया कि ब्लाक 26 और 27 के निवासियों के बीच संघर्ष छिड गया था. कुछ युवकों के बीच पार्किंग को लेकर झगडा शुरू हुआ था जो गली में लडाई में बदल गया जिस दौरान दोनों ओर से एक दूसरे पर पत्थर तथा बोतलें फेंकी गयीं. घटना के दौरान एक एटीएम मशीन और कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये.
पूर्वी रेंज के संयुक्त आयुक्त संजय बेनीवाल ने कहा, ‘यह मामूली झगडा था और हमने दस मिनट के भीतर स्थिति पर काबू पा लिया. हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और बल तैनात कर दिया गया है.’
इलाके में पुलिस की गश्त के दौरान दुकानें खुली रहीं लेकिन गलियों में बहुत अधिक लोग नहीं थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इलाके में तनाव के कारण रात बेचैनी में बितायी. पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.
