नयी दिल्ली : मोदी कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित पहला विस्तार सरकार बनने के पांच महीने बाद आज हो गया. मोदी ने अपने कैबिनेट में दो अहम लोगों को जगह दी. एक तो मिस्टर क्लीन की छवि रखने वाले और हमेशा बेहतर परफारमेंस करने वाले मनोहर पर्रिकर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कैबिनेट में जगह दी है और दूसरे हर प्रशासनिक माथापच्ची को सहजता से सुलझाते हुए शानदार परिणाम देने वाले सुरेश प्रभु को उन्होंने पार्टी के दायरे से बाहर जाकर अपनी कैबिनेट में जगह दी है. पर्रिकर देश के नये रक्षामंत्री होंगे. पर्रिकर भाजपा के पहले नेता हैं, जिन्होंने सालों पहले नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने की बात मीडिया में कही. एक समय वे भाजपा के अध्यक्ष बनने वाले थे. उन्हें पार्टी और मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पूरा विश्वास हासिल है.