नयी दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे आज घोषित कर दिए गए. यूपीएससी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत अर्जी देकर अपने अंकों की जानकारी न मांगें क्योंकि सिविल सेवा परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आयोग खुद ही उम्मीदवारों के अंक सार्वजनिक कर देगा.
एक बयान में यूपीएससी ने कहा, ‘‘उम्मीदवारों को यह भी सूचित किया जाता है कि सिविल सेवा परीक्षा की समस्त प्रक्रिया के पूरा होने अर्थात् अंतिम परिणाम घोषित किए जाने के बाद ही सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2014 के अंक, कट-ऑफ अंक और उत्तर कुंजी मुहैया कराई जाएंगी. इसलिए, इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अथवा इस प्रकार के किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा.’’ बयान में सफल उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे 14 दिसंबर से शुरु होने वाली सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए विस्तृत आवेदन प्रपत्र (डीएएफ) भरें.
