जामिया गोलीबारी : अमित शाह ने दिल्ली पुलिस प्रमुख को दिया कठोरतम कार्रवाई का निर्देश

नयी दिल्ली : गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक को निर्देश दिया कि वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया के निकट प्रदर्शनकारियों पर एक व्यक्ति द्वारा पिस्तौल से गोली चलाने के मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें.... इसके कुछ घंटों बाद शाह ने कहा कि इस मामले की जांच दिल्ली […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | January 30, 2020 9:04 PM

नयी दिल्ली : गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक को निर्देश दिया कि वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया के निकट प्रदर्शनकारियों पर एक व्यक्ति द्वारा पिस्तौल से गोली चलाने के मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें.

इसके कुछ घंटों बाद शाह ने कहा कि इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त प्रवीर रंजन करेंगे. गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी को बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने एक ट्वीट में कहा, दिल्ली में गोलीबारी की घटना पर मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से बात की है और उन्हें कड़ी से कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है. शाह ने कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाद में एक अन्य ट्वीट में गृह मंत्री ने कहा कि जामिया में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की घटना की जांच दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त को सौंपी गयी हैं और वह मामले की जांच संपूर्णता में करेंगे.

सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर गोली चलाये जाने के बाद जामिया नगर इलाके में तनाव व्याप्त हो गया. गोली लगने से जामिया का एक छात्र घायल हो गया, जबकि हमलावर छात्र ने इलाके में पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच हथियार लहराते हुए कहा ‘ये लो आजादी’. पुलिस के मुताबिक, खुद को रामभक्त गोपाल बताने वाले इस हमलावर को बाद में हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है.