नयी दिल्ली : बैंकिंग क्षेत्र की परेशानियों को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की हाल की तीखी आलोचना झेलने के बाद रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने बृहस्पतिवार को उन्हें याद दिलाया कि आरबीआई के प्रमुख के रूप में उनका दो तिहाई कार्यकाल भाजपा सराकर के दौरान ही था . वित्त मंत्री ने इस महीने की शुरूआत में न्यूयार्क में कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राजन दोनों के कार्यकाल में देश के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ‘सबसे खराब दौर’ से गुंजरना पड़ा था.
राजन ने कहा कि उनके कार्यकाल में ही बैंकों में फंसे कर्ज (एनपीए) की समस्या से छुटकारा पाने के लिये काम शुरू किये गये थे लेकिन उनके रहते वह काम पूरा नहीं हो पाया था. राजन पांच सितंबर 2013 से सितंबर 2016 के दौरान आरबीआई के गवर्नर रहे. उन्होंने कहा कि आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिये देश को नई पीढ़ी के सुधारों की जरूरत है. पांच प्रतिशत जीडीपी के साथ यह कहा जा सकता है कि भारत आर्थिक नरमी में है.
