बागी विधायक अलका लांबा ने ”आप” को कहा ”गुड बाय”, थाम सकतीं हैं कांग्रेस का दामन

नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की बागी विधायक अलका लांबा ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि आप पार्टी को गुड बाय करने का वक्त आ गया है. मैं आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं. पिछले छह सालों में मुझे काफी कुछ […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | September 6, 2019 10:35 AM

नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की बागी विधायक अलका लांबा ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि आप पार्टी को गुड बाय करने का वक्त आ गया है. मैं आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं. पिछले छह सालों में मुझे काफी कुछ सीखने को मिला. सभी का धन्यवाद… #JaiHind

आपको बता दें कि गत मंगलवार अलका लांबा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी, जिसके बाद से ये अटकलें तेज हो गयी कि वह जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकती हैं. चांदनी चौक से विधायक अलका ने सोनिया से उनके आवास पर मुलाकात की थी, हालांकि उन्होंने अभी कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया.

मुलाकात के बाद अलका ने कहा था कि सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि यूपीए की प्रमुख और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की एक बड़ी नेता भी हैं. देश के मौजूदा हालात पर उनसे लंबे समय से चर्चा बाकी थी. आज मौका मिला तो उनसे हर मुद्दे पर खुलकर बात हुई. राजनीति में ये विमर्श का दौर चलते रहता है और चलते रहना चाहिए.

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी से पिछले कई महीनों से नाराज चल रही अलका कई मौकों पर कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं की तारीफ करती नजर आईं हैं. वह पहले भी एनएसयूआई और कांग्रेस में रह चुकी हैं.