राहुल गांधी ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया. उन्होंने लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कह दिया था अब वो कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं रहेंगे. कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने यह ऐलान करते हुए यह भी कहा था कि अब आप लोग गैर गांधी परिवार को अध्यक्ष बनायें. उस वक्त से ही कांग्रेस के नये अध्यक्ष के नाम को लेकर कयासों का दौर जारी है. हर रोज एक नया नाम सामने आ रहा है. नाम तो बहुत हैं मगर संभावित पुष्टि एक की भी नहीं है.
राहुल के इस्तीफे की घोषणा से हतप्रभ पार्टी ने संकेत दिए हैं कि अब नये अध्यक्ष की तलाश में अब ज्यादा विलंब नहीं होगा. कांग्रेस के नये नेतृत्व का फैसला करने के लिए कार्यसमिति की बैठक अगले सप्ताह बुलाए जाने की प्रबल संभावना है. पूरा देश यह देखना चाहेगा कि गांधी परिवार के बाद पार्टी का अध्यक्ष ओबीसी होगा, सवर्ण होगा या फिर कोई दलित चेहरा.
इस्तीफे के बाद अब पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर कयासों का बाजार गर्म है. पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर कई नामों की चर्चा है. मोतीलाल वोरा, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिंदे और मल्लिकार्जुन खड़गे और कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे कुछ नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हैं.
