लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण यानी सातवें चरण में पीएम मोदी, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के विकासवाद की परीक्षा होनी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी सीट से मैदान में हैं. इनके अलावा मनोज सिन्हा गाजीपुर से, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर से और महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली से उम्मीदवार हैं. ये तीनों सीटें वाराणसी से लगी हुई हैं.
नरेंद्र मोदी के बीते पांच सालों में वाराणसी में किये गये विकास कार्यो की परीक्षा भी होनी है. दावा है कि पीएम मोदी ने वाराणसी में 40 हजार करोड़ रुपये के काम कराये हैं. सबसे ज्यादा प्रचारित काम विश्वनाथ कॉरिडोर माना जा रहा है. हाल ही में उन्होंने रोड शो कर वाराणसी में अपनी ताकत का अहसास भी कराया था. विपक्ष की ओर से उनके खिलाफ कोई बड़ा प्रत्याशी का खड़ा नहीं होना उनकी मजबूती का आधार बन रहा है. कांग्रेस ने अजय राय को दोबारा प्रत्याशी बनाया है, जिनकी 2014 के चुनाव में जमानत जब्त हो गयी थी.
