योगेंद्र यादव का दावा : पीएम मोदी और भाजपा की लोकप्रियता में गिरावट, 2019 में 100 सीटों का नुकसान

बेंगलुरु : स्वराज इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा की लोकप्रियता में गिरावट आयी है और आगामी लोकसभा चुनाव में इसकी संख्या में कम से कम 100 तक की गिरावट हो सकती है. यादव ने कांग्रेस की भी आलोचना करते हुए कहा कि इसकी नींद अभी तक नहीं […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | December 22, 2018 10:10 PM

बेंगलुरु : स्वराज इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा की लोकप्रियता में गिरावट आयी है और आगामी लोकसभा चुनाव में इसकी संख्या में कम से कम 100 तक की गिरावट हो सकती है. यादव ने कांग्रेस की भी आलोचना करते हुए कहा कि इसकी नींद अभी तक नहीं टूटी है और इसमें आत्मतुष्टि का भाव बना हुआ है.

इसे भी पढ़ें : किसानों से मिलने गये थे योगेंद्र यादव, तमिलनाडु पुलिस ने हिरासत में लिया

यादव अपनी पार्टी द्वारा प्रारंभ किये गये जनांदोलन आईसीएएन19 के बारे में जागरूकता लाने के लिए आये हुए हैं, ताकि विभिन्न संगठनों से अच्छे लोगों को आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए समर्थन दिया जा सके. यादव ने बताया कि भाजपा और साथ ही साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता में गिरावट आयी है और इसकी भविष्यवाणी करने के लिए किसी को चुनाव विश्लेषक होने की आवश्यकता नहीं है. यह खुद ही साफ है.

यादव ने मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन का हवाला देते हुए कांग्रेस को एक अयोग्य पार्टी बताते हुए कहा कि वह एक ऐसे अवसर को हासिल करने के लिए तैयार नहीं है, जो उसकी तश्तरी में आया है. कांग्रेस और भाजपा के बीच तुलना करते हुए यादव ने कहा कि कांग्रेस की निद्रा भंग नहीं हुई है. वह सो रही है. यह लापरवाही है.

उन्होंने कहा कि यदि वे सोच रहे हैं कि इससे 2019 का चुनाव जीता जा सकेगा, तो वे मूर्खों के स्वर्ग में रह रहे हैं. भाजपा उदासीन नहीं है. भाजपा इस देश के लिए विनाशकारी है, लेकिन वह सक्रिय है. यह अंतर है. यादव ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा 10 एजेंसियों को किसी के कंप्यूटर में इंटरसेप्शन करने की अनुमति देने के फैसले का उदाहरण देते हुए कि भाजपा विनाशकारी रास्ते पर चल रही है.