लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने देवरिया जिले में बालिका संरक्षण गृह में रहने वाली लड़कियों से कथित तौर पर जबरन वेश्यावृत्ति कराये जाने के मामले में आज वहां के पुलिस अधीक्षक को हटा दिया तथा कई अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी . गृह विभाग के सूत्रों के मुताबिक सरकार ने देवरिया के पुलिस अधीक्षक रोहन पी. कनय को हटाकर पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिये गये हैं. उनके स्थान पर महोबा के पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची को देवरिया का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है. इसके अलावा 24 सितम्बर 2017 से 24 मार्च 2018 तक देवरिया के पुलिस अधीक्षक रहे और वर्तमान में बस्ती रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक पद पर तैनात राकेश शंकर को भी पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध करके उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.