बेंगलुरू (कर्नाटक) : कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम कल घोषित हुआ जिसमें किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी तो है, लेकिन वह भी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है उसे बहुमत के लिए आठ और विधायकों की जरूरत है. ऐसे में प्रदेश में जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गयी है. जोड़-तोड़ की राजनीति के बीच ऐसी खबरें आ रहीं हैं कि कर्नाटक के पांच विधायक जो कांग्रेस और जेडीएस से ताल्लुक रखते हैं अंडरग्राउंड हो गये हैं. कल जेडीएस ने यह दावा किया था कि उसके पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत है.
जेडीएस विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद एचडी कुमारास्वामी ने कहा कि हमारे विधायकों को भाजपा की ओर से सौ करोड़ तक का अॅाफर आया है. कुमारास्वामी ने कहा कि क्या यह ब्लैकमनी नहीं है. आयकर विभाग कहां है और क्या कर रहा है, जब हमारे विधायकों को ऐसा अॅाफर मिल रहा है.
