नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नीच आदमी बताकर और उनमें कोई सभ्यता नहीं होने का आरोप लगाकर एक नया राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया जिसे मोदी ने गुजरात का अपमान तथा मुगल मानसिकता का प्रतीक बताकर पलटवार किया. कांग्रेस ने इस बयान के कारण अय्यर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबत कर दिया.
गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के प्रचार के अंतिम दिन अय्यर की इस टिप्पणी से राजनीतिक पारा गरमाने के बीच कांग्रेस ने अय्यर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनकी प्राथमिक सदस्यता को निलंबत कर दिया. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा , यही है कांग्रेस का गांधीवादी नेतृत्व और विरोधी के प्रति सम्मान की भावना. उन्होंने कहा कि क्या प्रधानमंत्री भी यह साहस दिखायेंगे.
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कड़े रुख के बाद मणिशंकर अय्यर ने अपने हिन्दी भाषी न होने की ओर ध्यान दिलाते हुए इस शब्द के प्रयोग के लिए माफी मांग ली. कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को सिरे से खारिज करते हुए आज कहा कि इसके लिए अय्यर को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए. पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह अय्यर के इस लहजे और भाषा को पसंद नहीं करते.
‘नीच’ पर सियायत में कूदे लालू, कहा- मेंटली फिट नहीं हैं मणिशंकर अय्यर
