मुंबईः अपने एक्शन से दर्शकों के दिलों में राज करनेवाले अभिनेता अक्षय कुमार का आज 52वां जन्मदिन है. अक्षय एक ऐसे अभिनेता है जो कड़ी मेहनत करते हैं और सालभर अपने फैंस को कई फिल्मों का तोहफा देते हैं. अक्षय बॉलीवुड के ऐसे इकलौते हीरो हैं जिन्हें इंडस्ट्री में खिलाड़ी कुमार कहा जाता है. शानदार कॉमिक टाइमिंग, सुपर रोमांटिक अंदाज, दमदार डायलॉग डिलीवरी, जबरदस्त एक्शन, दर्शकों का दिल जीतने वाला अभिनय और आज की तारीख में बॉलीवुड में भरोसे का दूसरा नाम, राजीव हरी ओम भाटिया यानी अक्षय कुमार.
उन्होंने बॉलीवुड में एक एक्शन हीरो के रूप में इंट्री की लेकिन अब वे सभी तरह के किरदार निभाकर दर्शकों को लगातार हैरान करते आ रहे हैं. फिल्म ‘सौगंध’ से उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरूआत की थी जिसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार आगे बढते गये. वर्ष 1992 में आई फिल्म ‘खिलाड़ी’ से अक्षय ने खासा सुर्खियां बटोरी.
लेकिन इसके बाद अक्षय ने कई फिल्मों में काम किया जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई. इसके बाद वर्ष 1994 उनके लिए लकी ईयर साबित हुआ. इस साल उनकी दो फिल्में ‘मै खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और ‘मोहरा’ रिलीज हुई. इन फिल्मों ने अक्षय की सफलता के झंडे गाड़ दिये. ये उस साल की सर्वाधिक सफल फिल्मों में शामिल हुई. उन्होंने अपने एक्शन किरदार से हटकर फिल्म ‘ये दिल्लगी’ में काम किया जिसे दर्शकों ने पसंद किया.
