BBA vs BBM: 12वीं का रिजल्ट आते ही सबसे जरूरी सवाल होता है कि अब आगे कौन सा कोर्स चुना जाए. अगर आपका सपना बिजनेस, मैनेजमेंट या कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर बनाने का है, तो आपके सामने BBA और BBM जैसे दो लोकप्रिय विकल्प आते हैं. कई छात्र इन दोनों को एक जैसा समझ लेते हैं, लेकिन असल में दोनों के उद्देश्य और पढ़ाई का तरीका थोड़ा अलग होता है.
What is BBA: क्या है बीबीए?
BBA यानी Bachelor of Business Administration एक ऐसा ग्रेजुएशन कोर्स है, जिसमें बिजनेस से जुड़ी लगभग हर जरूरी चीज सिखाई जाती है. इस कोर्स में मार्केटिंग, फाइनेंस, अकाउंटिंग, ह्यूमन रिसोर्स, बिजनेस कम्युनिकेशन और मैनेजमेंट जैसे विषय शामिल होते हैं.
अगर आप भविष्य में किसी कंपनी में मैनेजर बनना चाहते हैं या आगे चलकर MBA करने की योजना बना रहे हैं, तो BBA एक मजबूत शुरुआत साबित हो सकता है. यह कोर्स छात्रों को बिजनेस की बेसिक से लेकर एडवांस समझ विकसित करने में मदद करता है.
What is BBM: क्या है बीबीएम?
BBM यानी Bachelor of Business Management का फोकस खासतौर पर मैनेजमेंट और लीडरशिप स्किल्स पर होता है. इस कोर्स में सिर्फ बिजनेस की जानकारी ही नहीं, बल्कि लोगों को संभालना, टीम को लीड करना, सही समय पर फैसले लेना और बिजनेस की चुनौतियों का समाधान निकालना भी सिखाया जाता है.
BBA vs BBM: क्या है सबसे बड़ा अंतर?
दोनों कोर्स बिजनेस से जुड़े हैं, लेकिन पढ़ाई का नजरिया अलग है. BBA में बिजनेस के अलग-अलग विभागों की जानकारी दी जाती है ताकि छात्र हर क्षेत्र को समझ सके. वहीं BBM में मैनेजमेंट स्किल्स और लीडरशिप पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. आसान भाषा में समझें तो BBA आपको बिजनेस चलाने की पूरी जानकारी देता है, जबकि BBM आपको बिजनेस को बेहतर तरीके से मैनेज करने और टीम को आगे बढ़ाने की कला सिखाता है.
BBA और BBM के बाद करियर और सैलरी
BBA और BBM दोनों करने के बाद प्राइवेट सेक्टर में अच्छे करियर के मौके मिलते हैं. BBA के बाद छात्र मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, HR एग्जीक्यूटिव, फाइनेंस एग्जीक्यूटिव, सेल्स मैनेजर या बिजनेस डेवलपमेंट जैसे पदों पर काम कर सकते हैं.
वहीं BBM करने वाले छात्र ऑपरेशन मैनेजमेंट, बिजनेस कंसल्टिंग, टीम मैनेजमेंट और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसी भूमिकाओं में अपनी पहचान बना सकते हैं. शुरुआती सैलरी आमतौर पर 3 लाख से 6 लाख रुपये सालाना के बीच हो सकती है. हालांकि यह आपके कॉलेज, स्किल्स, इंटर्नशिप और इंटरव्यू परफॉर्मेंस पर भी निर्भर करती है.
यह भी पढ़ें: JEE Main नहीं दिया तो भी टेंशन नहीं! बिहार की इस सेंट्रल यूनिवर्सिटी से करें CS की पढ़ाई
