हफ्ते की शुरुआत बढ़त के साथ, सेंसेक्स 77200 के पार, निफ्टी 24095 पर 

Indian Stock Market: शेयर बाजार ने नए सप्ताह की शुरुआत बढ़त के साथ की है. जानिए किन सेक्टरों में तेजी की उम्मीद है और इन्वेस्टर्स के लिए क्या है अहम सलाह.

By Soumya Shahdeo | June 29, 2026 10:01 AM

Indian Stock Market: भारतीय शेयर बाजार ने नए कारोबारी सप्ताह की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ की. सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 102.39 अंक (0.13%) बढ़कर 77,202.86 पर पहुंच गया. वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी 39 अंक (0.16%) चढ़कर 24,095.00 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. बाजार में यह मजबूती घरेलू इन्वेस्टर्स की खरीदारी और बेहतर वैश्विक संकेतों के बीच देखने को मिली.

बाजार में तेजी की वजह क्या है?

एक्स्पर्ट्स का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से घरेलू संस्थागत इन्वेस्टर्स (DII) की लगातार खरीदारी बाजार को सहारा दे रही है. इसके साथ ही विदेशी संस्थागत इन्वेस्टर्स (FII) की भी सीमित खरीदारी देखने को मिली. वेंचुरा के रिसर्च प्रमुख विनीत बोलिंजकर के मुताबिक, 25 जून को विदेशी इन्वेस्टर्स ने करीब 380 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की, जबकि घरेलू इन्वेस्टर्स ने भी बाजार में मजबूती बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. उनका मानना है कि अगर ग्लोबल माहौल स्थिर रहता है और कच्चे तेल की कीमतें नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले दिनों में बाजार में सीमित लेकिन सकारात्मक रुख देखने को मिल सकता है.

किन सेक्टरों पर रहेगी नजर?

एक्स्पर्ट्स के अनुसार आने वाले समय में कुछ सेक्टर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.

  • फाइनेंशियल सेक्टर
  • आईटी सेक्टर
  • चुनिंदा साइक्लिकल कंपनियां

हालांकि इन्वेस्टर्स को वैश्विक घटनाक्रम और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर भी नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है. 

दुनिया के बाजारों का क्या रहा असर?

इंटरनेशनल मार्केट से मिले-जुले संकेत मिले. आप नीचे दी गई टेबल में देख सकते हैं:

बाजारस्थिति
डाउ जोंस फ्यूचर्स0.13% की बढ़त
S&P 5000.05% की गिरावट
नैस्डैक0.24% की गिरावट
हैंगसेंग2.05% की तेजी
ताइवान वेटेड1.29% की बढ़त
निक्केई 2250.78% की गिरावट
कोस्पी2.43% की गिरावट

कमोडिटी बाजार में क्या हो रहा है?

कमोडिटी बाजार में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला. ब्रेंट क्रूड 72.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा, जिसमें 0.47% की बढ़त रही.

  • क्रूड ऑयल 69.89 डॉलर पर कारोबार करता दिखा, जो 0.95% ऊपर रहा.
  • वहीं सोने की कीमत में कमजोरी रही और यह 19.21 डॉलर गिरकर 4,067.80 डॉलर पर पहुंच गया.

इन्वेस्टर्स को किन स्तरों पर नजर रखनी चाहिए?

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च प्रमुख श्रीकांत चौहान के अनुसार बाजार फिलहाल एक तय दायरे में कारोबार कर रहा है.

अहम स्तर इस प्रकार हैं:

  • सपोर्ट: निफ्टी 24,000 और 23,800, सेंसेक्स 77,000 और 76,200
  • रेजिस्टेंस: निफ्टी 24,200-24,250, सेंसेक्स 77,800-78,000

एक्स्पर्ट्स का कहना है कि यदि निफ्टी 24,000 और सेंसेक्स 77,000 के नीचे फिसलते हैं, तो बाजार में और गिरावट देखने को मिल सकती है. वहीं इन स्तरों के ऊपर टिके रहने पर आने वाले दिनों में सीमित बढ़त की संभावना बनी रहेगी. 

ये भी पढ़ें: सोने में 10 रुपये और चांदी में 100 रुपये की गिरावट! जानिए 29 जून का नया रेट 

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.