रिटायरमेंट फंड को करें दोगुना, मैच्योरिटी के बाद ऐसे जारी रखें अपना PPF खाता

PPF Maturity Options: PPF मैच्योरिटी के बाद पैसे निकालने के बजाय एक्सटेंशन चुनना समझदारी है. इसमें आपको 5 साल के ब्लॉक में टैक्स-फ्री ब्याज और कंपाउंडिंग का बड़ा लाभ मिलता है.

By Soumya Shahdeo | April 10, 2026 10:11 AM

PPF Maturity Options: भारत में सुरक्षित निवेश और टैक्स बचाने के लिए पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) सबसे भरोसेमंद जरिया है. आमतौर पर यह स्कीम 15 साल में मैच्योर हो जाती है, लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते कि मैच्योरिटी के बाद भी आप इस सरकारी स्कीम का फायदा उठाना जारी रख सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे आप अपने पैसे को और तेजी से बढ़ा सकते हैं.

15 साल बाद क्या है आपके पास ऑप्शन?

NDTV Profit की रिपोर्ट के अनुसार, जब आपका PPF खाता 15 साल पूरे कर लेता है, तो आपके पास दो रास्ते होते हैं. पहला, आप पूरा पैसा निकालकर खाता बंद कर दें. दूसरा और बेहतर ऑप्शन यह है कि आप इसे 5-5 साल के ब्लॉक में आगे बढ़ा दें. अच्छी बात यह है कि आप इसे जितनी बार चाहें उतनी बार बढ़ा सकते हैं, इसकी कोई सीमा नहीं है. बस याद रखें कि एक्सटेंशन के लिए आपको मैच्योरिटी के एक साल के भीतर बैंक या पोस्ट ऑफिस में आवेदन देना होगा. 

बिना पैसे जमा किए भी मिलेगा फायदा?

जी हां, एक्सटेंशन के दो तरीके हैं. पहले तरीके में आप हर साल नया निवेश जारी रख सकते हैं और उस पर ब्याज पा सकते हैं. दूसरे तरीके में, यदि आप नया पैसा जमा नहीं करना चाहते, तो भी आपका पुराना बैलेंस खाते में बना रहेगा और उस पर 7.1% की दर से (वर्तमान दर) ब्याज मिलता रहेगा. दोनों ही स्थितियों में आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और ब्याज पर कोई टैक्स नहीं लगता.

एक्सटेंशन क्यों है समझदारी भरा फैसला?

PPF में निवेश ‘EEE’ कैटेगरी में आता है, यानी निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी की रकम तीनों टैक्स-फ्री हैं.  एक्सटेंशन लेने से आपको ‘कंपाउंडिंग’ की ताकत मिलती है, जिससे आपका छोटा सा फंड भविष्य में एक बड़ी संपत्ति बन सकता है. इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर आप एक्सटेंशन के दौरान आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) भी कर सकते हैं. अगर आप बिना जोखिम के फिक्स्ड इनकम चाहते हैं, तो PPF को जारी रखना सबसे सटीक फैसला है. 

ये भी पढ़ें: क्या सस्ता होगा हवाई सफर? सरकार ने एयरपोर्ट चार्जेस में की 25% की कटौती

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.