सोना-चांदी हुआ सस्ता, 34 दिनों में सोने के दाम ₹14,000 से ज्यादा गिरे, चांदी भी ₹1.19 लाख टूटी

Gold-Silver Price: मुनाफावसूली के चलते 4 मार्च को सोने के दाम ₹6,149 गिरकर ₹1.61 लाख और चांदी ₹23,417 गिरकर ₹2.66 लाख पर आ गई है. पिछले 34 दिनों में चांदी ₹1.19 लाख तक सस्ती हुई है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, मिडिल ईस्ट तनाव और अमेरिकी आंकड़ों से आगे की कीमतें तय होंगी.

By Abhishek Pandey | March 4, 2026 2:03 PM

Gold-Silver Price: सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए आज राहत भरी खबर है. 4 मार्च को सर्राफा बाजार खुलते ही कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में यह कमी निवेशकों द्वारा की गई ‘प्रॉफिट बुकिंग’ की वजह से आई है.

आज क्या हैं सोने-चांदी के भाव ?

  • सोना: 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹6,149 घटकर ₹1.61 लाख पर आ गई है. सोमवार को यही सोना 1.67 लाख रुपए में बिक रहा था.
  • चांदी: एक किलो चांदी के दाम ₹23,417 गिरकर ₹2.66 लाख पर आ गए हैं. सोमवार को चांदी ₹2.89 लाख प्रति किलो के स्तर पर थी.
  • बाजार की स्थिति: मंगलवार को होली के कारण बाजार बंद था, इसलिए आज एक साथ बड़ी गिरावट दर्ज की गई है.

34 दिनों में कितनी आई गिरावट ?

इस साल सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव रहा है.

  • सोना: 29 जनवरी को सोना ₹1.76 लाख के अपने सबसे ऊंचे स्तर (All Time High) पर था, जो अब तक ₹14,799 सस्ता हो चुका है.
  • चांदी: 29 जनवरी को चांदी ₹3.86 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर थी, जो पिछले 34 दिनों में ₹1.19 लाख सस्ती हो गई है.

क्यों अलग-अलग शहरों में होते हैं अलग दाम ?

अक्सर लोग पूछते हैं कि हर शहर में सोने का रेट एक जैसा क्यों नहीं होता? इसके पीछे 4 मुख्य कारण हैं.

  • ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: आयात केंद्रों से शहर की दूरी जितनी ज्यादा होगी, ईंधन और सुरक्षा का खर्च उतना ही बढ़ेगा, जिससे दाम महंगे हो जाते हैं.
  • खरीद की मात्रा: दक्षिण भारत जैसे राज्यों में सोने की खपत बहुत ज्यादा है. वहां ज्वेलर्स थोक में खरीदारी करते हैं, जिससे उन्हें मिलने वाली छूट का फायदा वे ग्राहकों को कम दाम के रूप में देते हैं.
  • लोकल एसोसिएशन: हर शहर की अपनी ज्वेलरी एसोसिएशन होती है, जो स्थानीय मांग के हिसाब से रेट तय करती है.
  • पुराना स्टॉक: अगर किसी ज्वेलर के पास पुराने सस्ते रेट पर खरीदा हुआ स्टॉक है, तो वह ग्राहकों को थोड़े कम दाम पर सोना बेच सकता है.

आगे क्या उम्मीद है ? एक्सपर्ट्स की राय

एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने-चांदी की अगली चाल अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों और मिडिल ईस्ट (ईरान-इजराइल-अमेरिका) के तनाव पर टिकी है.

  • जतिन त्रिवेदी (LKP सिक्योरिटीज): अगर सोना ₹1,72,000 का स्तर पार करता है, तो यह और ऊपर जा सकता है.
  • पोनमुडी आर (एनरिच मनी): चांदी अगर ₹2.50 लाख से ₹2.70 लाख के बीच टिकी रहती है, तो यह दोबारा ₹3.30 लाख तक पहुंच सकती है.

खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ख्याल

  • हॉलमार्क जरूर देखें: हमेशा BIS हॉलमार्क वाला ही सोना खरीदें. गहनों पर लिखे अल्फान्यूमेरिक कोड (जैसे- AZ4524) से उसकी शुद्धता की जांच करें.
  • रेट क्रॉस चेक करें: खरीदने से पहले 24, 22 और 18 कैरेट के रेट IBJA जैसी आधिकारिक वेबसाइटों पर जरूर चेक कर लें.

Also Read : 31 मार्च 2026 से पहले निपटा लें ये काम, वरना बंद हो जाएगा आपका PPF और सुकन्या समृद्धि खाता

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.