दुनिया के पहले ‘ट्रिलियनेयर’ बनेंगे एलन मस्क ! स्पेसएक्स ला रही है इतिहास का सबसे बड़ा IPO
Elon Musk Spacex IPO : इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) शेयर बाजार में इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की तैयारी में है. इस लिस्टिंग के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (लाख-करोड़पति) बन सकते हैं.
Elon Musk Spacex IPO : दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क (Elon Musk) के नाम जल्द ही एक ऐसा रिकॉर्ड जुड़ने जा रहा है, जिसे आज तक कोई छू भी नहीं सका है. मस्क बहुत जल्द दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 83 लाख करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक) बन सकते हैं.
इसकी वजह है मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX), जो शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है. वॉल स्ट्रीट के जानकारों के मुताबिक, यह इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) हो सकता है. बुधवार को कंपनी ने ‘SPCX’ टिकर सिंबल के तहत लिस्ट होने का अपना प्लान पेश किया है. फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, मस्क अभी भी 807 बिलियन डॉलर (करीब 77 लाख करोड़ रुपये) की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति हैं.
IPO से मस्क कैसे छूएंगे 1 ट्रिलियन का आंकड़ा ?
स्पेसएक्स ने आईपीओ के लिए खुद की वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी है. इस वैल्यूएशन के हिसाब से स्पेसएक्स में मस्क की जो मेजॉरिटी (बहुमत) हिस्सेदारी है, उसकी कीमत ही 600 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो जाएगी. कंपनी में मस्क के पास 85.1% वोटिंग पावर है. मस्क की मौजूदा संपत्ति (जिसमें उनकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला भी शामिल है) और स्पेसएक्स की इस नई वैल्यूएशन को मिला दिया जाए, तो उनकी कुल नेटवर्थ 1 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल जाएगी.
सैलरी के लिए मस्क की ‘अजीबो-गरीब’ शर्तें: मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती!
आईपीओ फाइलिंग से मस्क की सैलरी और ओनरशिप के बड़े राज खुले हैं. मस्क को 2019 से हर साल केवल 54,080 डॉलर (करीब 45 लाख रुपये) की फिक्स बेसिक सैलरी मिल रही है. लेकिन असली खेल उनके बोनस शेयर्स का है. मस्क को कंपनी के 6.66 करोड़ शेयर्स (15 किश्तों में) मिल सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें दो बेहद कठिन शर्तें पूरी करनी होंगी.
पहला शर्त कंपनी की वैल्यूएशन शेयर बाजार में बढ़कर 7.5 ट्रिलियन डॉलर के टारगेट को छुए. दूसरा शर्त स्पेसएक्स सफलतापूर्वक मंगल ग्रह (Mars) पर कम से कम 10 लाख लोगों की एक स्थायी इंसानी बस्ती बसा दे. इसके अलावा, मस्क की एआई (AI) कंपनी xAI के साथ मर्जर के बाद, उन्हें फ्यूचर वैल्यूएशन और सालाना 100 टेरावॉट कंप्यूटिंग पावर वाले डेटा सेंटर्स लॉन्च करने पर 302 मिलियन नए शेयर्स का इनाम भी मिलेगा.
28.5 ट्रिलियन डॉलर का बड़ा बाजार और स्पेसएक्स का विजन
कंपनी ने 277 पन्नों के अपने प्रोस्पेक्टस में बताया है कि वे भविष्य में 28.5 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट अवसर देख रहे हैं. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का (26.5 ट्रिलियन डॉलर) है. कंपनी का लॉन्ग-टर्म विजन केवल रॉकेट उड़ाना नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में तैरते हुए डेटा सेंटर्स लॉन्च करना. सूर्य की ऊर्जा से चलने वाले एक सुपर-स्मार्ट ‘ट्रुथ-सीकिंग एआई’ को बनाना. चांद पर बेस बनाना और जीवन को मल्टीप्लेनेटरी (एक से अधिक ग्रहों पर रहने योग्य) बनाना.
कंपनी की वित्तीय स्थिति
पहली बार स्पेसएक्स के वित्तीय पोर्टफोलियो (Financials) की पूरी जानकारी दुनिया के सामने आई है, जो काफी चौंकाने वाली है.
| वित्तीय पैमाना (Financial Portfolio) | पिछले साल का आंकड़ा (Full Year) | इस साल की पहली तिमाही (Q1) |
| कुल कमाई (Revenue/Sales) | 18.6 बिलियन डॉलर | 4.7 बिलियन डॉलर |
| शुद्ध घाटा (Net Loss) | 4.9 बिलियन डॉलर | 4.3 बिलियन डॉलर |
| एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च | 12.7 बिलियन डॉलर | 7.7 बिलियन डॉलर |
Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.
