Crypto Market Update: 2000 डॉलर के नीचे फिसला एथेरियम, जानें कब तक आएगी मार्केट में रिकवरी

Crypto Market Update: क्या Bitcoin 68,000 डॉलर के पार जाएगा या आएगी बड़ी गिरावट? जानें एथेरियम का हाल और 2026 में 300% तेजी के संकेत क्या है.

By Soumya Shahdeo | February 20, 2026 1:30 PM

Crypto Market Update: क्रिप्टो बाजार में पिछले कुछ दिनों से हलचल तेज है. दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल करेंसी, बिटकॉइन (बीटीसी) और एथेरियम (ईटीएच) इस समय एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं. बड़े निवेशक (Institutional Investors) अभी थोड़े सावधान नजर आ रहे हैं, जिसकी वजह से बाजार में बड़ी बढ़त नहीं दिख रही है.

क्या 68,000 डॉलर के पार जाएगा बिटकॉइन?

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, बिटकॉइन ने हाल ही में 68,500 डॉलर के स्तर को छूने की कोशिश की, लेकिन टिक नहीं पाया और गिरकर 65,650 डॉलर तक आ गया है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक बिटकॉइन 68,000 डॉलर की बाधा को पार नहीं करता, तब तक बड़ी तेजी मुश्किल है. फिलहाल यह 67,229 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है. अगर यह 66,000 डॉलर के नीचे जाता है, तो निवेशकों को और गिरावट देखने को मिल सकती है.

एथेरियम में क्यों बनी हुई है सुस्ती?

बिटकॉइन की तरह एथेरियम भी दबाव में है. यह 2,000 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में इसने 1,911 डॉलर का निचला स्तर देखा है. जानकारों के मुताबिक, एथेरियम के लिए 1,970 डॉलर का लेवल पार करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. अगर यह 1,900 डॉलर के सपोर्ट को तोड़ता है, तो यह 1,870 डॉलर तक फिसल सकता है.

क्या इतिहास खुद को दोहराएगा?

दिलचस्प बात यह है कि बिटकॉइन लगातार पांचवें महीने गिरावट की ओर बढ़ रहा है. ऐसा ही कुछ 2018-19 में देखा गया था, जिसके बाद बिटकॉइन में 300% से ज्यादा की भारी तेजी आई थी. मार्केट एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) की शुरुआत में बाजार एक बार फिर से तेज हो सकता है.

किन सिक्कों में दिखी हलचल?

बाजार की इस सुस्ती के बीच कुछ ऑल्टकॉइन्स (Altcoins) ने अच्छा प्रदर्शन किया है.काइट, नाइट और ट्रॉन जैसे सिक्कों में 13% तक की बढ़त देखी गई है. वहीं दूसरी ओर आर्बिट्रम (एआरबी) और टनकॉइन (टीओएन) जैसे कॉइन्स में 10% तक की गिरावट दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका तनाव से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स-निफ्टी में आई गिरावट

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.