ICICI प्रू को पछाड़कर HDFC एमएफ बनी देश की सबसे बड़ी संपत्ति प्रबंधन कंपनी

नयी दिल्ली : एचडीएफसी म्यूचुअल फंड दो साल के अंतराल के बाद देश की सबसे बड़ी संपत्ति प्रबंधन कंपनी (एएमसी) बन गयी है. एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड (एमएफ) को पीछे छोड़ दिया है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर अंत तक एचडीएफसी एमएफ के प्रबंधन […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | January 3, 2019 6:19 PM

नयी दिल्ली : एचडीएफसी म्यूचुअल फंड दो साल के अंतराल के बाद देश की सबसे बड़ी संपत्ति प्रबंधन कंपनी (एएमसी) बन गयी है. एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड (एमएफ) को पीछे छोड़ दिया है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर अंत तक एचडीएफसी एमएफ के प्रबंधन के तहत 3.35 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां थीं.

इसे भी पढ़ें : म्यूचुअल फंड योजनाओं में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का किया गया निवेश

वहीं, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियों (एयूएम) का आंकड़ा 3.08 लाख करोड़ रुपये था. एचडीएफसी एमएफ के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां अक्टूबर से दिसंबर की अवधि के दौरान इससे पिछली तिमाही की तुलना में नौ फीसदी बढ़ीं. वहीं, इस दौरान आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ का एयूएम 0.6 फीसदी कम हुआ. एचडीएफसी एमएम अक्टूबर, 2011 से सबसे बड़ी संपत्ति प्रबंधक रही है.

गौरतलब है कि मार्च 2016 में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ उसको पछाड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच गयी थी. एसबीआई एमएफ 2.64 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ तीसरे, आदित्य बिड़ला (2.42 लाख करोड़ रुपये) के साथ चौथे और रिलायंस एमएफ 2.36 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ पांचवें स्थान पर है. एम्फी के मुताबिक, दिसंबर तिमाही के अंत तक देश के म्यूचुअल फंड उद्योग के प्रबंधन के तहत कुल 23.61 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां थीं.

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.