भारत में जुलाई-सितंबर के दौरान मकानों की बिक्री में 24 फीसदी का इजाफा, नयी सप्लाई में 35 फीसदी की कमी
नयी दिल्ली : देश के शीर्ष नौ संपत्ति बाजारों में चालू वर्ष की जुलाई-सितंबर की तिमाही में घरों की बिक्री में 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, इस दौरान नये मकानों की पेशकश में 35 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी है. न्यूज कॉर्प समर्थित ब्रोकरेज कंपनी प्रॉपटाइगर डॉट कॉम की रिपोर्ट में कहा […]
नयी दिल्ली : देश के शीर्ष नौ संपत्ति बाजारों में चालू वर्ष की जुलाई-सितंबर की तिमाही में घरों की बिक्री में 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, इस दौरान नये मकानों की पेशकश में 35 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी है. न्यूज कॉर्प समर्थित ब्रोकरेज कंपनी प्रॉपटाइगर डॉट कॉम की रिपोर्ट में कहा गया है कि नये घरों की पेशकश घटने से पहले से बिक नहीं पाये घरों की संख्या में कमी आयी. जुलाई-सितंबर के दौरान देश के नौ प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री बढ़कर 72,472 इकाई पर पहुंच गयी, जो एक साल पहले समान अवधि में 58,470 इकाई थी. वहीं, नये मकानों की पेशकश घटकर 35,836 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 54,170 इकाई थी.
इसे भी पढ़ें : प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में गड़बड़ी की आशंका, अशोक नगर पर है लोकायुक्त की नजर
प्रॉपटाइगर की चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही की ‘रीयल्टी डिकोडेड’ रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरान बिक नहीं पाये मकानों का स्टॉक 11 फीसदी घटकर 7,80,424 इकाई पर आ गया. इस रिपोर्ट में जिन प्रमुख शहरों को शामिल किया गया है, उनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, गुड़गांव (भिवाड़ी, दारूहेड़ा और सोहना सहित), हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई (नवी मुंबई और ठाणे सहित), नोएडा (ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे सहित) और पुणे को शामिल किया गया.
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में नोएडा में मकानों की बिक्री सबसे अधिक 59 फीसदी बढ़कर 6,652 इकाई रही. वहीं, यहां नये मकानों की पेशकश 33 फीसदी घटकर 1,617 इकाई रह गयी. मुंबई क्षेत्र में घरों की बिक्री 22 फीसदी बढ़कर 22,969 इकाई रही. पुणे में बिक्री 50 फीसदी की वृद्धि के साथ 13,833 इकाई और बेंगलुरु में 27 फीसदी बढ़कर 9,367 इकाई रही.
इसके अलावा, चेन्नई में घरों की बिक्री 54 फीसदी बढ़कर 4,781 इकाई और हैदराबाद में 49 फीसदी बढ़कर 5,577 इकाई पर पहुंच गयी. कोलकाता में घरों की बिक्री छह फीसदी बढ़कर 3,915 इकाई रही. वहीं, गुड़गांव में घरों की बिक्री 43 फीसदी घटकर 3,332 इकाई पर आ गयी. अहमदाबाद में भी घरों की बिक्री 15 फीसदी घटी और यह 2,047 इकाई पर आ गयी.
Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.
