भाजपा मौत व शवों पर करती है राजनीति : अभिषेक बनर्जी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल दौरे के दौरान आनंदपुर अग्निकांड को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की. इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने उन पर पलटवार करते हुए भाजपा पर मौत और शवों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया.

By BIJAY KUMAR | January 31, 2026 10:49 PM

कोलकाता.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल दौरे के दौरान आनंदपुर अग्निकांड को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की. इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने उन पर पलटवार करते हुए भाजपा पर मौत और शवों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया.शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि आनंदपुर की घटना दुखद है. लेकिन इस तरह की त्रासदी पर भी राजनीति करना भाजपा की नीति को उजागर करता है. उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल करते हैं.

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार, भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन, भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी, झूलन गोस्वामी और दीपक अधिकारी जैसे लोग घुसपैठिये हैं. उनका आरोप था कि एसआइआर के नाम पर आम लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है.

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में चुनाव नजदीक आते ही भाजपा नेता हर महीने राज्य का दौरा करने लगते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही वे नजर नहीं आते. सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को घेरा.

उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कथित तौर पर बयान दिया था कि यदि भाजपा सत्ता में आयी, तो बांग्लादेश से सीमा ही नहीं रहेगी. ऐसे में सवाल है कि सही कौन है, सरकार या गृह मंत्री.

उन्होंने केंद्र सरकार से यह बताने की मांग की कि अब तक कितने बांग्लादेशी और रोहिंग्या चिह्नित किये गये हैं और उनकी सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है. साथ ही उन्होंने श्वेतपत्र जारी कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि पिछले वर्षों में पश्चिम बंगाल को कितनी केंद्रीय सहायता दी गयी और बदले में राज्य से कितना टैक्स वसूला गया.