सीइओ कार्यालय के बाहर हंगामा, शुभेंदु अधिकारी को जूता दिखाने पर तनाव

सीइओ कार्यालय के बाहर मंगलवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गयी, जब विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ज्ञापन सौंपने पहुंचे. आरोप है कि वहां मौजूद तृणमूल कांग्रेस समर्थित बीएलओ के एक वर्ग ने नारेबाजी करते हुए उन्हें जूता दिखाया.

By BIJAY KUMAR | February 24, 2026 10:50 PM

कोलकाता.

सीइओ कार्यालय के बाहर मंगलवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गयी, जब विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ज्ञापन सौंपने पहुंचे. आरोप है कि वहां मौजूद तृणमूल कांग्रेस समर्थित बीएलओ के एक वर्ग ने नारेबाजी करते हुए उन्हें जूता दिखाया. भाजपा नेता का दावा है कि उन पर जूता फेंकने की भी कोशिश की गयी. घटना के बाद भाजपा समर्थित और तृणमूल समर्थित बीएलओ आमने-सामने आ गये. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. तृणमूल समर्थित बीएलओ ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभालनी पड़ी.

डीएम-एडीएम पर आरोप : संवाददाताओं से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वे विभिन्न शिकायतों को लेकर सीइओ से मिलने पहुंचे थे. उनका आरोप है कि राज्य के दो जिलों के जिलाधिकारी मतदाता सूची से हटाये गये नामों को जबरन फिर से जोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं. उन्होंने नदिया जिले के एडीएम पर भी इसी प्रकार का आरोप लगाया.

घटना की निंदा : वोटकर्मी व बीएलओ एक्य मंच के महासचिव स्वपन मंडल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी को जूता दिखाना पूरी तरह अशोभनीय और गलत है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक माहौल में इस तरह की हरकत स्वीकार्य नहीं है.