विस चुनाव के लिए तृणमूल ने शुरू किया बायोडाटा बॉक्स

राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख मार्च की शुरुआत में घोषित हो सकती है. ऐसे में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर तैयारी तेज कर दी है.

By AKHILESH KUMAR SINGH | February 18, 2026 1:56 AM

नये चेहरों की तलाश में पार्टी

संवाददाता, कोलकाताराज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख मार्च की शुरुआत में घोषित हो सकती है. ऐसे में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में तृणमूल भवन में ‘बायोडाटा बॉक्स’ रखा गया है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता और उम्मीदवार अपना बायोडेटा जमा कर सकते हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह पहल पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के निर्देश पर शुरू की गयी.

सोमवार को बॉक्स स्थापित किया गया और इसके बाद से आवेदन जमा करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है. अब तक करीब 100 से अधिक बायोडाटा जमा होने की खबर है. आवेदनकर्ताओं में डॉक्टर, समाजसेवी और विभिन्न पेशों से जुड़े लोग भी शामिल हैं. दिलचस्प बात यह है कि कई वर्तमान और पूर्व विधायक भी फिर से टिकट की दावेदारी के लिए बायोडाटा देने में रुचि दिखा रहे हैं.

गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले भी इसी तरह का ड्रॉप बॉक्स रखा गया था. पार्टी हर चुनाव में उम्मीदवारों के चयन में चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है. ऐसे में इस बार भी चर्चा है कि क्या पार्टी पुराने चेहरों पर भरोसा करेगी या नये चेहरों को मौका देगी.

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को प्रक्रिया की देखरेख की जिम्मेदारी :

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्शी को इस प्रक्रिया की देखरेख की जिम्मेदारी दी गयी है और जिला अध्यक्षों को इसकी जानकारी दे दी गयी है. बताया जा रहा है कि चुनाव की तारीख घोषित होने के दिन ही इस ड्रॉप बॉक्स को खोला जायेगा. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तृणमूल की संभावित उम्मीदवार सूची में इस बार कितना बदलाव देखने को मिलता है और क्या ‘बायोडाटा बॉक्स’ से नये राजनीतिक चेहरे उभर कर सामने आते हैं.