एसआइआर के बिना बंगाल में नहीं होने देंगे विधानसभा चुनाव : शमिक

पश्चिम बंगाल में बिना एसआइआर के विधानसभा चुनाव नहीं होने दिए जायेंगे. ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहीं. सोमवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के देवपुकुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि बंगाल में एसआइआर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो विधानसभा चुनाव भी नहीं होने देंगे.

By BIJAY KUMAR | March 9, 2026 10:39 PM

बैरकपुर.

पश्चिम बंगाल में बिना एसआइआर के विधानसभा चुनाव नहीं होने दिए जायेंगे. ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहीं. सोमवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के देवपुकुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि बंगाल में एसआइआर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो विधानसभा चुनाव भी नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मतदाता सूची की सही तरीके से समीक्षा और संशोधन बेहद जरूरी है. भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार का चुनाव बेहद कड़ा और चुनौतीपूर्ण होने वाला है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस बात को अच्छी तरह जानती हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की विदाई तय है, इसलिए वह धरने पर बैठ गयी हैं. अब उन्हें इसी तरह धरना देने का अभ्यास करना होगा, क्योंकि आने वाले समय में उन्हें सिर्फ धरना ही देना पड़ेगा. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया.राष्ट्रपति आदिवासी समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होने पश्चिम बंगाल आयी थीं, लेकिन उन्हें निर्धारित मैदान में सभा करने की अनुमति नहीं दी गयी. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से राष्ट्रपति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गयी थीं. यह घटना लोकतांत्रिक मर्यादा और संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है.