कोलकाता : लेकटाउन में नहीं तोड़ी जायेगी मेसी की प्रतिमा, सुरक्षित हटाने का हो रहा प्रयास

Messi Statue : जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को मूर्ति को सुरक्षित उतारने का आदेश दिया है. 70 फीट ऊंची संरचना को हटाना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है.

By Ashish Jha | May 27, 2026 10:07 AM

Messi Statue : कोलकाता. लियोनेल मेसी की लेकटाउन में स्थापित विशाल मूर्ति को लेकर उठे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मूर्ति को तोड़ा नहीं जायेगा. उत्तर 24 परगना की जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिया है कि मूर्ति को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा जाये. हाल ही में तेज हवा के दौरान मूर्ति के हिलने की शिकायत सामने आयी थी, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई शुरू की.

बरती जा रही विशेष सतर्कता

करीब 70 फीट ऊंची इस प्रतिमा को बिना नुकसान पहुंचाये हटाना पीडब्ल्यूडी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. प्रतिमा के दोनों ओर व्यस्त सड़कें होने के कारण काम को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इस कार्य को पूरा करने के लिए विभाग रात के समय का चयन किया है, लेकिन इस काम में कितना वक्त लगेगा यह अभी तय नहीं हो पाया है.

कलाकार से ली जा रही तकनीकी मदद

प्रतिमा को सुरक्षित हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने प्रतिमा के निर्माता कलाकार मोंटी पाल से संपर्क किया है. प्रशासन चाहता है कि प्रतिमा को बिना किसी खरोंच के नीचे उतारा जाये. इसके लिए बड़े आकर के क्रेन समेत सभी जरुरी संसाधन जुटाये जा रहे हैं.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बिना एनओसी के बनायी गयी थी मूर्ति

सोमवार को स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने स्थल का निरीक्षण किया था. जांच में विभाग ने दावा किया कि मूर्ति निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी और अनुमति नहीं ली गयी थी. प्रशासन का कहना है कि इलाके के लोगों की सुरक्षा व संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मूर्ति हटाने का फैसला लिया गया है.

Also Read: कोलकाता: हिलने लगी दुनिया में लियोनेल मेसी की सबसे बड़ी मूर्ति, इंजीनियर ले रहे जायजा