युवती से अश्लील हरकत पर पांच के विरुद्ध शिकायत दर्ज

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, यह घटना कसबा थाना क्षेत्र में स्थित न्यू बालीगंज रोड की है.

By GANESH MAHTO | February 17, 2026 12:53 AM

दो युवकों के नाम सामने आने के बाद लोगों ने घर में की तोड़फोड़ घटना के बाद से सभी आरोपी हैं फरार कोलकाता. अपनी मौसी के घर से अपने घर लौट रही एक युवती को कार में जबरन उठाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने का आरोप कुछ युवकों पर लगा है. पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, यह घटना कसबा थाना क्षेत्र में स्थित न्यू बालीगंज रोड की है. पीड़िता ने इस घटना के बाद कसबा थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करायी. उसने दो युवकों के अलावा एवं तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करायी. उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है. इधर, दो युवकों के नाम सामने आने के बाद इलाके के लोगों ने दोनों युवकों के घर में तड़फोड़ कर गुस्सा जाहिर किया. पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह मौसी के घर से अपने घर लौट रही थी. कसबा के जहाज बाड़ी इलाके में ऐप कैब से उतरने के बाद वह घर की तरफ लौट ही रही थी, इसी बीच एक काले रंग की गाड़ी उसके सामने आकर रुकी. पीड़िता का आरोप है कि उस कार में सवार कुछ लड़कों ने उसे किडनैप कर लिया. इसके बाद उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कार में उसके साथ छेड़छाड़ की. इसके बाद उसे आनंदपुर इलाके में एक सुनसान जगह पर कार से उतार दिया. वहां से उसने अपने एक मित्र को फोन कर पूरी घटना बयां की. जिसके बाद स्थानीय थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी. पीड़िता का आरोप है कि इसमें से तीन युवकों को वह नहीं जानती है, दो युवकों को वह पहचानती है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुल पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर इसकी जांच शुरू की है. फरार पांचों आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने सोमवार रात को विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर आकाश सिंह (21), राहुल साव (21) और आदित्य गिरि (21) नामक तीन आरोपियों को कालिकापुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. आकाश एवं राहुल कसबा इलाके के बेदियाडांगा रोड का निवासी है, वहीं आदित्य बिहार के छपरा जिले के खालपुरा इलाके का निवासी बताया गया है. शेष दो आरोपियों की तलाश की जा रही है.