अभिषेक बनर्जी को मिली एक्स श्रेणी की सुरक्षा, अब तक धराये पांच हमलावर

Abhishek Banerjee: पूर्ववर्ती सरकार के दौरान उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी. बताया जा रहा है कि अब नयी व्यवस्था के तहत उनके साथ हर समय तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे.

By Ashish Jha | May 31, 2026 11:24 AM

Abhishek Banerjee: कोलकाता. सोनारपुर कांड के बाद तृणमूल सांसद की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. साथ ही इस मामले की जांच के तहत बंगाल पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी को राज्य प्रशासन ने एक्स श्रेणी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया है. अब उनके साथ हर समय तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गयी है. शनिवार को सोनारपुर में विरोध प्रदर्शन और हमले जैसी स्थिति का सामना करने के बाद यह फैसला लिया गया.

अब तक छह हिरासत में

हालांकि अभिषेक बनर्जी ने इस घटना में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, फिर भी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में अब गिरफ्तारियां शुरू हो गई हैं. सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए पांच लोग सोनारपुर दक्षिण की पूर्व विधायक लवली मैत्रा के करीबी बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, वे इलाके में तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय सदस्य भी थे. गिरफ्तार लोगों को आज बारुईपुर अदालत में पेश किया जा रहा है. जांचकर्ता उन्हें हिरासत में लेकर पूरी घटना की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने गये थे सोनारपुर

जानकारी के मुताबिक, सरकार बदलने के बाद अभिषेक बनर्जी से पहले मिली विशेष सुरक्षा व्यवस्था वापस ले ली गयी थी. पूर्ववर्ती सरकार के दौरान उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी. बताया जा रहा है कि अब नयी व्यवस्था के तहत उनके साथ हर समय तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. शनिवार को बनर्जी वोट बाद की हिंसा में प्रभावित तृणमूल कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से मिलने के लिए सोनारपुर पहुंचे थे. इस दौरान उनके काफिले का विभिन्न स्थानों पर विरोध हुआ. प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाये और चोर-चोर के नारे लगाये. आरोप है कि उनके काफिले पर अंडे, जूते और अन्य वस्तुएं भी फेंकी गयीं.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

वीडियो फुटेज के आधार पर हुई पहचान

सोनारपुर मामले में हिरासत में लिये गए लोगों में काजल, देवाशीष और जय सेनगुप्ता शामिल हैं. दो अन्य लोगों में तपन मैती और आकाश भी शामिल बताये जा रहे हैं, जो कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो में देखे गए थे. शनिवार को कोलकाता से सटे सोनारपुर में उनपर हमला हुआ था. विरोधियों ने उनके कपड़े फाड़ दिये. उन पर जूते, पत्थर और अंडे फेंके गये. न्यूज एजेंसी एएनआई के एक वीडियो में दिख रहा है कि अभिषेक बनर्जी नीले रंग की हेलमेट पहनकर सड़क पर बदहवास चल रहे हैं. सोनारपुर पुलिस स्टेशन द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच लोगों की राजनीतिक पहचान सामने आते ही अटकलें तेज हो गईं. कहा जा रहा है कि ये सभी पूर्व विधायक लवली मैत्रा के करीबी थे. नतीजतन, उन पर दबाव बढ़ता जा रहा है.

Also Read: बंगाल की शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, चार शीर्ष अधिकारी निलंबित