शुभेंदु व अभिजीत समेत भाजपा के कुछ नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी

विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और तमलुक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गांगुली समेत कुछ अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ तमलुक थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

By Prabhat Khabar News Desk | May 5, 2024 11:11 PM

हल्दिया. विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और तमलुक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गांगुली समेत कुछ अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ तमलुक थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. यह शिकायत नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों के एक समूह ने की है, जिनकी नियुक्ति रद्द करने का आदेश कलकत्ता हाइकोर्ट ने दिया है. कलकत्ता हाइकोर्ट के निर्देश के खिलाफ वे कुछ दिनों से धरना दे रहे हैं. इस बीच, गत शनिवार को तमलुक से भाजपा प्रत्याशी गांगुली के नामांकन करने जाने के दौरान निकाले गये जुलूस को लेकर धरना मंच से प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की. आरोप यह है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर पथराव किया, जिसमें दो शिक्षक घायल हुए. नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें मारने की कोशिश की और यह सब विपक्षी नेता की शह पर हुआ, इसलिए प्राथमिकी में अन्य भाजपा नेताओं के अलावा विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी व तमलुक से भाजपा उम्मीदवार गांगुली के खिलाफ भी शिकायत की गयी है.

गौरतलब है कि गत 20 अप्रैल को कलकत्ता हाइकोर्ट ने एसएससी मामले में 2016 की भर्ती के पूरे पैनल को रद्द कर दिया. न्यायमूर्ति देबांशु बसाक और न्यायमूर्ति मोहम्मद शब्बर रशीदी की खंडपीठ के फैसले से 25,753 शिक्षकों और स्कूल के कर्मचारियों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा. हालांकि, राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है