Sambalpur News: बीमार बुजुर्ग को ग्रिड के एसी कार्यालय में पहुंचाकर जताया विरोध

Sambalpur News: नकटीदेउल ब्लॉक के खंदीबाहाल गांव में बिजली की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने अनूठे तरीके से विरोध जताया है.

By BIPIN KUMAR YADAV | May 28, 2026 11:43 PM

Sambalpur News: ओडिशा के संबलपुर जिले के नकटीदेउल ब्लॉक के खंदीबाहाल गांव में बिजली की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया है. गांव में घंटों बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों ने 80 वर्षीय बीमार बुजुर्ग को किसिंडा टाटा पावर ग्रिड के एसी कमरे में ले जाकर सुला दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पंखा नहीं चल रहा है, लेकिन ग्रिड कार्यालय का एसी पूरी रफ्तार से चल रहा था.

शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उठाया कदम

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर 2:00 बजे से रात 9:00 बजे तक गांव में बिजली गुल रही, जिससे लोग परेशान रहे. बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने तय किया कि जहां बिजली है, मरीज को वहीं ले चलो. ग्रामीणों ने बीमार बुजुर्ग अरक्षित देहुरी को किसिंडा ग्रिड कार्यालय ले जाकर एसी कमरे में सुला दिया. ग्रामीणों का कहना था कि अगर गांव में बिजली नहीं मिल रही, तो कम से कम ग्रिड की ठंडी हवा ही सही. इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद ग्रिड कार्यालय में कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गयी.

प्रदर्शन के कुछ समय बाद ही गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हुई

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब ग्रिड में बिजली है, तो गांव तक पहुंचते-पहुंचते आखिर गायब कहां हो जाती है. बाद में दिव्यांग समर्थ संघ के अध्यक्ष रोहित भोई, किसिंडा पुलिस और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. राजकिशोर प्रधान ने अपने दिव्यांग वाहन से वृद्धा को सुरक्षित घर पहुंचाया. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि विरोध प्रदर्शन के कुछ ही समय बाद रात करीब 10:00 बजे गांव में अचानक बिजली लौट आयी. इसके बाद गांव में चर्चा शुरू हो गयी कि सिर्फ शिकायत करने से काम नहीं चलता, शायद बिजली लाने के लिए अब लोगों को ग्रिड तक पहुंचना पड़ेगा.