Rourkela News: राउरकेला में सुबह से दोपहर तक हुई बारिश, कई इलाकों में हुआ जलजमाव

Rourkela News: स्मार्ट सिटी राउरकेला में पूरे दिन मौसम का मिजाज बदलता रहा. कभी बारिश, तो कभी धूप ने लोगों को परेशान किया.

By BIPIN KUMAR YADAV | May 30, 2026 11:58 PM

Rourkela News: देश में भले ही मॉनसून ने अभी तक दस्तक नहीं दी है, लेकिन शनिवार को राउरकेला शहर में मौसम का मिजाज जिस प्रकार सुबह से दोपहर व दोपहर से शाम तक बदलता रहा, उसने प्री-मॉनसून का अहसास करा दिया. सुबह से दोपहर तक हुई झमाझम बारिश ने जहां शहर के लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दोपहर के बाद धूप खिलने से तपिश का अनुभव भी लोगों ने किया. लेकिन शाम के समय फिर ठंडी हवा के झोंकों ने लोगों को राहत प्रदान की.

बारिश के साथ ठंडी हवा के झाेंकों ने मौसम को बनाया सुहाना

शहर में शनिवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे. हालांकि बीच-बीच में धूप निकलती रही. सुबह 10 बजे के बाद बादलों ने पूरे आसमान को घेर लिया. इसके बाद बूंदाबांदी, रिमझिम बारिश व झमाझम बारिश शुरू हो गयी. दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होने के साथ ठंडी हवा के झाेंकों ने मौसम को सुहाना बना दिया. जिससे कुछ देर के लिए गुलाबी ठंड का भी अहसास होने लगा था. लेकिन दोपहर दो बजे के बाद तेज धूप खिली. शाम चार बजे के बाद आसमान में फिर बादल छाये तथा मौसम सुहाना हो गया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक बारिश नहीं हुई है.

जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल

सुबह के समय बारिश हाेने से सब्जी मार्केट के दुकानदार से लेकर ग्राहक परेशान रहे. लोगों को छाता लेकर तथा सब्जी विक्रेताओं को प्लास्टिक के नीचे सब्जी खरीदते व बेचते देखा गया. लेकिन इस बारिश ने कई स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी है. इस दौरान कई स्थानों पर जल जमाव हो जाने से लोग परेशान रहे. इसमें उदितनगर वाटको कार्यालय, पावर हाउस रोड अरविंद स्कूल के पास, प्लांट साइट लिपिस्टिक चौक के पास, महताब रोड कब्रिस्तान के पास पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हुई.